श्रीनगर से हज यात्रियों का दूसरा जत्था रवाना
Return to homeland: अटारी, श्रीनगर | भारत के सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान पूर्णम कुमार शॉ को पाकिस्तान ने बुधवार को रिहा कर दिया। जवान करीब 20 दिनों से पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत में थे। बुधवार को वे अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटे। BSF अधिकारियों ने जवान की वापसी की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को पूर्णम कुमार शॉ गलती से पाकिस्तान की सीमा में प्रवेश कर गए थे, जिसके बाद उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया था। इस मामले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच DGMO (Director General of Military Operations) स्तर पर बातचीत हुई, जिसके बाद पाकिस्तान ने जवान को रिहा कर दिया।
रिहाई से पहले पाकिस्तानी रेंजर्स ने जवान की दो तस्वीरें जारी की थीं, जिनमें एक में वह पेड़ के नीचे खड़े दिखाई दे रहे थे और उनकी राइफल, बैग व पानी की बोतल ज़मीन पर पड़ी थी। दूसरी तस्वीर में जवान की आंखों पर पट्टी बंधी थी। पूर्णम शॉ की मेडिकल जांच की जा रही है, जिसके बाद उन्हें घर भेजा जाएगा।
हज यात्रा फिर से शुरू, श्रीनगर से दूसरा जत्था मक्का रवाना
श्रीनगर में बुधवार सुबह हज यात्रियों का दूसरा जत्था हज हाउस से श्रीनगर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। यह जत्था सऊदी अरब के मक्का के लिए हवाई मार्ग से जाएगा। इससे पहले 4 मई 2025 को पहला जत्था रवाना हुआ था।
हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के चलते 7 और 12 मई को जाने वाली सात हज फ्लाइट्स रद्द कर दी गई थीं। लेकिन अब स्थिति सामान्य होने पर फ्लाइट संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है।
पंजाब में भी हवाई सेवाएं बहाल
अमृतसर एयरपोर्ट पर भी मंगलवार-बुधवार की रात कतर एयरवेज की पहली फ्लाइट लैंड हुई। वहीं, इंडिगो एयरलाइंस ने पंजाब के लिए बुधवार से फ्लाइट सेवाएं फिर से शुरू करने की घोषणा की है। इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि सुरक्षा, कूटनीतिक प्रयासों और सामान्य जनजीवन की बहाली में भारत सरकार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
साभार…
Leave a comment