सडक़ निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पर हुई एफआईआर का विरोध
Alert: आमला। लादी-सारणी सडक़ निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद अब यह विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों के समर्थन में सोमवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) खुलकर मैदान में उतर आई है। पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर ग्रामीणों पर दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गई, तो 20 फरवरी को ‘आमला बंद’ किया जाएगा।
लोकतंत्र की हत्या करार दिया
सोमवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष चिन्टूलाल उइके तथा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पिंकेश धुर्वे के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर लादी-सारणी सडक़ का निर्माण जल्द शुरू करने और ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। जिला अध्यक्ष उइके ने पुलिसिया कार्रवाई को ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताया।
थाने पहुंचकर भी जताया विरोध
तहसील कार्यालय के बाद गोंगपा कार्यकर्ता आमला थाने पहुंचे और पुलिस अधीक्षक के नाम थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि अपनी जायज मांगों के लिए शांतिपूर्वक प्रदर्शन करना जनता का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में निर्दोष और गरीब ग्रामीणों पर मामला दर्ज करना सरासर अन्याय है। पार्टी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता
ज्ञापन सौंपते समय सुनेर उइके, बिसना नर्रे, मुनेश इवने सहित बड़ी संख्या में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। लादी-सारणी सडक़ निर्माण की मांग अब एक जन आंदोलन बनती जा रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों और गोंगपा के समर्थन के बाद अब अन्य संगठनों के भी इसमें शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को कुछ अन्य स्थानीय संगठन भी इस मांग के समर्थन में आगे आ सकते हैं।
Leave a comment