Beginning: भोपाल। मध्य प्रदेश का श्रम विभाग परंपरागत कार्यशैली को पीछे छोड़ते हुए तकनीक और नवाचार के सहारे मजदूरों के जीवन में खुशहाली लाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने के साथ ही श्रम विभाग ने ‘नये जोश के साथ-नये युग का प्रारंभ’ का संकल्प लेते हुए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत की है। विभाग का लक्ष्य आगामी तीन वर्षों में अपनी मौलिक योजनाओं के जरिए प्रदेश के श्रमिकों की जिंदगी को सुख-समृद्ध बनाना है।
प्रदेश सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को लेकर श्रम एवं पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने भोपाल में मीडिया से चर्चा के दौरान श्रम विभाग की उपलब्धियों, नवाचारों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस अवसर पर विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक बुकलेट का भी विमोचन किया गया।
क्या है ‘श्रम स्टार रेटिंग’
श्रम विभाग की ‘श्रम स्टार रेटिंग’ योजना को इंडस्ट्री और श्रमिक हित में एक क्रांतिकारी पहल माना जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत उद्योगों में उत्पादन, सेवाओं और वहां कार्यरत श्रमिकों को दी जा रही सुविधाओं व कल्याणकारी योजनाओं के आधार पर स्टार रेटिंग दी जाएगी। उद्योग इस रेटिंग का उपयोग अपने व्यवसाय के प्रचार-प्रसार में कर सकेंगे। इससे उद्योगों की साख बढ़ेगी, उपभोक्ताओं को बेहतर उत्पाद व सेवाएं मिलेंगी और श्रमिकों को वेतन व सुविधाओं का प्रत्यक्ष लाभ होगा। कारखाने, दुकानें और प्रतिष्ठान https://sambal.mp.gov.in पोर्टल पर स्टार रेटिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे।
SHREE पहल से मजदूरों की खुशहाली की शुरुआत
श्रम विभाग ने SHREE पहल के तहत श्रमिकों के जीवन में समग्र सुधार का लक्ष्य रखा है। इस पहल के जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यम और कार्यस्थल के वातावरण को बेहतर बनाकर मानव संसाधन का सशक्तीकरण किया जाएगा, जिससे सतत सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
शिकायत और सुझाव के लिए ‘Uttar-a’ सॉफ्टवेयर
श्रम विभाग एक सिंगल विंडो ‘Uttar-a’ सॉफ्टवेयर पर भी काम कर रहा है, जिसके माध्यम से श्रमिक और आमजन एक ही मंच पर शिकायत, सुझाव और आवश्यक जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
AI और वीडियो से योजनाओं का प्रचार
श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए श्रम विभाग अब AI तकनीक और वीडियो कंटेंट का सहारा ले रहा है। सरल भाषा में तैयार रील्स और वीडियो मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल (MPBOCW) के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जा रहे हैं।
श्रम एवं पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बीते दो वर्षों में विभाग ने श्रमिक-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनका सीधा लाभ प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवारों तक पहुंचा है।
साभार…
Leave a comment