पुलिस ने सांवगी नदी की पुलिया के नीचे मिले शव का किया खुलासा
Exposure: बैतूल। जिले के आठनेर थाने के अंतर्गत आने वाली सांवगी नदी की पुलिया के नीचे 20 जनवरी को मिले शव का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए हत्या के दो आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना आठनेर पुलिस द्वारा एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने बताया कि 20 जनवरी को थाना आठनेर क्षेत्र अंतर्गत बैतूल रोड सावंगी नदी मांडवी पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना प्रभारी आठनेर निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची एवं घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कराया गया एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। मृतक की पहचान राजेश आज़ाद के रूप में हुई। मृतक के परिजन कृष्णा आज़ाद की सूचना पर थाना आठनेर में मर्ग क्रमांक 05/26 धारा 194 बीएनएसएस कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
घटनास्थल का किया था निरीक्षण
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य तथा सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा टीम के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। मौके से साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी एवं तकनीकी परीक्षण की कार्यवाही की गई। पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा प्रकरण के शीघ्र खुलासे हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं एसडीओपी के पर्यवेक्षण में विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के कथनों के आधार पर थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मारपीट कर उतारा था मौत के घाट
विवेचना में तथ्य सामने आए कि 19-20 जनवरी की मध्यरात्रि लगभग 01:30 बजे मृतक राजेश आज़ाद का आरोपी नारायण खंडाइट एवं उसके पुत्र ओम खंडाइट से विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा मृतक के साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में राजेश आज़ाद को मोटरसाइकिल पर बैठाकर मांडवी जोड़ पुलिया ले जाया गया, जहां आरोपियों द्वारा हत्या की नीयत से उसे पुलिया से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपी नारायण खंडाइट पिता आत्माराम खंडाइट, उम्र 55 वर्ष, ओम खंडाइट पिता नारायण खंडाइट, उम्र 27 वर्ष निवासी मांडवी, को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा एवं बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जप्त की गई। इस कार्यवाही में
निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, निरीक्षक आबिद अंसारी (सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट), उप निरीक्षक मंगीलाल ठाकरे, उप निरीक्षक नितिन उईके (थाना सारणी), उप निरीक्षक छत्रपाल धुर्वे (थाना कोतवाली), प्रधान आरक्षकों में 110 नर्मदा सिंह पवार, सुभाष माकोड़े, आरक्षकों में विवेक गाडगे (डॉग मास्टर), 499 मनीष पटेल, 04 विप्लव गिरासे, अजय यादव (थाना मुलताई) एवं साइबर सेल बैतूल की भूमिका सराहनीय रही।
Leave a comment