सोना भी ऑलटाइम हाई पर, सालभर में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न
Record: डिजिटल डेस्क। चांदी की कीमतों में लगातार पांचवें सप्ताह तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 19 दिसंबर को एक किलो चांदी का भाव 2,00,336 रुपए था, जो एक हफ्ते में 27,771 रुपए बढ़कर 26 दिसंबर को 2,28,107 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया। इस सप्ताह चांदी ने लगातार चार दिन ऑलटाइम हाई बनाया और शुक्रवार को 9,124 रुपए की बड़ी छलांग के साथ बंद हुई।
इधर, सोने की कीमतों में भी मजबूत तेजी रही। 19 दिसंबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,31,779 रुपए था, जो एक हफ्ते में 6,177 रुपए महंगा होकर 26 दिसंबर को 1,37,956 रुपए पर पहुंच गया। यह सोने का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
इस साल सोना ₹61,794 और चांदी ₹1,42,090 महंगी
साल 2025 में अब तक सोने और चांदी ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।
- सोना: 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए था, जो अब बढ़कर 1,37,956 रुपए हो गया है। यानी 61,794 रुपए (81.13%) की बढ़ोतरी।
- चांदी: 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी 86,017 रुपए थी, जो अब 2,28,107 रुपए पहुंच गई है। यानी 1,42,090 रुपए (165.18%) की तेजी।
अलग-अलग शहरों में दाम अलग क्यों?
IBJA द्वारा जारी सोने-चांदी के भाव में 3% जीएसटी, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होते। इसी वजह से अलग-अलग शहरों में रेट्स अलग हो सकते हैं। IBJA के रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड और कई बैंक गोल्ड लोन की कीमत तय करने में करते हैं।
सोने में तेजी के 3 बड़े कारण
- डॉलर कमजोर: अमेरिका में ब्याज दरें घटने से डॉलर कमजोर हुआ, जिससे सोने की होल्डिंग कॉस्ट घटी और मांग बढ़ी।
- जियोपॉलिटिकल तनाव: रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक तनाव के कारण निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश मान रहे हैं।
- सेंट्रल बैंकों की खरीद: चीन जैसे देश अपने रिजर्व में भारी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं। सालभर में 900 टन से ज्यादा खरीदारी ने कीमतों को सहारा दिया।
चांदी में तेजी के 3 प्रमुख कारण
- इंडस्ट्रियल डिमांड: सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में बढ़ते उपयोग से चांदी की मांग तेज हुई।
- टैरिफ का डर: ट्रंप टैरिफ को लेकर अमेरिकी कंपनियां चांदी का भारी स्टॉक जमा कर रही हैं, जिससे ग्लोबल सप्लाई प्रभावित हुई।
- मैन्युफैक्चरर्स की होड़: उत्पादन रुकने की आशंका से कंपनियां पहले ही खरीदारी कर रही हैं।
आगे और बढ़ सकते हैं दाम
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, चांदी की मांग फिलहाल मजबूत बनी हुई है।
- 2026 में चांदी ₹2.75 लाख प्रति किलो तक पहुंच सकती है।
- सोना अगले साल ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम के पार जा सकता है।
सोना खरीदते समय रखें ये 2 जरूरी बातें
- सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड सोना लें। हॉलमार्क अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे AZ4524।
- कीमत क्रॉस-चेक करें: वजन और खरीद की तारीख के सोने के भाव को IBJA जैसी भरोसेमंद वेबसाइट से जरूर मिलान करें। 24, 22 और 18 कैरेट के दाम अलग-अलग होते हैं।
- साभार..
Leave a comment