हैंडपंप-ट्यूबवेल सूखे, 1–2 किमी दूर से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण
Water crisis: बैतूल। नायक चारसी ग्राम में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है। गांव के ट्यूबवेल और हैंडपंप पूरी तरह सूख चुके हैं, जिससे ग्रामीणों के सामने पीने के पानी के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी पानी की समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें अपने खेतों में स्थित कुओं से पानी भरकर लाना पड़ रहा है, जो गांव से करीब 1 से 2 किलोमीटर दूर हैं। भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही यह समस्या और अधिक गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दीवान चारसी ग्राम पंचायत का बकाया बिल अब तक संबंधित विभाग द्वारा अदा नहीं किया गया है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि बकाया राशि का भुगतान भी शीघ्र किया जाए। 👉 ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए तत्काल जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़ी समस्या से बचा जा सके।
Leave a comment